प्रस्ताव हुआ पास- अयोध्या के बाद अब बदलेगा इस शहर का भी नाम-होगा...

जनपद का नाम बदलने का प्रस्ताव भेजने का फैसला लेते हुए नगर निगम की बोर्ड में इस बाबत प्रस्ताव भी पास कर दिया गया है।

Update: 2024-01-09 10:54 GMT

गाजियाबाद। फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या और इलाहाबाद का नाम परिवर्तन करके प्रयागराज रखे जाने के बाद अब गाजियाबाद को भी नई पहचान दिलाने की पहल की गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के पास गाजियाबाद जनपद का नाम बदलने का प्रस्ताव भेजने का फैसला लेते हुए नगर निगम की बोर्ड में इस बाबत प्रस्ताव भी पास कर दिया गया है।

मंगलवार को आहूत की गई नगर निगम बोर्ड की बैठक में गाजियाबाद जनपद का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया है। नगर निगम के एक सैकड़ा पार्षदों में से 95 पार्षदों ने जनपद गाजियाबाद का नाम बदलने पर अपनी सहमति दी है।

गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि जनपद का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया है, जिसे अब शासन को भेजा जाएगा। नगर निगम बोर्ड ने गाजियाबाद जनपद के नए नाम को लेकर गेंद सरकार के पाले में डालते हुए कहा है कि शासन जनपद का नया नाम क्या रखेगा? यह योगी आदित्यनाथ सरकार ही तय करेगी।

नगर निगम बोर्ड की बैठक में जनपद गाजियाबाद का नाम बदलने का प्रस्ताव भारतीय जनता पार्टी के पार्षद संजय कुमार द्वारा रखा गया है। उन्होंने डिमांड उठाई है कि गाजियाबाद का नाम बदलकर गजनगर अथवा हर नंदी नगर रखा जाना चाहिए।

भाजपा पार्षद शीतल देओल ने पार्षद संजय कुमार द्वारा रखे गए प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे शासन को भेजने के लिए कहा। उन्होंने सदन में यह बात उजागर की कि जनपद गाजियाबाद का नाम बदलने की मांग पिछले काफी समय से की जा रही थी। लेकिन नगर निगम बोर्ड की बैठक में गाजियाबाद जनपद का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित कर एक ऐतिहासिक कम अब पूरा होने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।

Tags:    

Similar News