शादी के मंडप में दुल्हन के साथ फायरिंग कर बुरे फंसे दूल्हे राजा

फायरिंग के समय दुल्हन ने भी हाथ लगाकर अपने होने वाले दूल्हे को फायरिंग करने में सहारा दिया था

Update: 2021-12-14 12:52 GMT

गाजियाबाद। फार्म हाउस में आयोजित किए गए शादी समारोह के दौरान हुई जयमाला के बाद नई नवेली दुल्हन के साथ हर्ष फायरिंग करने के चक्कर में दूल्हे राजा बुरी तरह से फंस गए हैं। दुल्हन के साथ मिलकर 4 राउंड फायरिंग करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दूल्हे राजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दरअसल महानगर के नगर कोतवाली क्षेत्र के कालका गढ़ी स्थित सूर्य फार्म हाउस में इसी महीने की 9 दिसंबर को एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान चढत के बाद हुई जयमाला की रस्म के उपरांत दूल्हे की ओर से दुल्हन के साथ मिलकर 4 सेकेंड के भीतर चार राउंड फायरिंग की गई थी। फायरिंग के समय दुल्हन ने भी हाथ लगाकर अपने होने वाले दूल्हे को फायरिंग करने में सहारा दिया था। सोशल मीडिया के भीतर यह वीडियो के तेजी के साथ वायरल हो गया और पुलिस के हाथों तक भी इस मामले की वीडियो 13 दिसंबर को पहुंच गई। 14 दिसंबर को फायरिंग करने वाले दूल्हे की पहचान विजय नगर के प्रिंस के रूप में करते हुए पुलिस द्वारा हर्ष फायरिंग करने वाले दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ स्वतंत्र सिंह ने बताया है कि दूल्हे की पहचान करने के बाद उस फार्म हाउस के बारे में भी पता लगा लिया गया है, जहां शादी समारोह आयोजित किया गया था। यह कोतवाली क्षेत्र का सूर्य फार्म हाउस है। अब पुलिस की ओर से फार्म हाउस संचालक को भी हर्ष फायरिंग की बाबत नोटिस जारी किया जाएगा। हथियार बरामद करते हुए यह भी पता लगाया जाएगा कि वह लाइसेंसी है अथवा अवैध? हथियार को बरामद करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Similar News