IAS के निजी सचिव ने खुद को गोली से उड़ाया-हालत गंभीर

अपर मुख्य सचिव नगर विकास के निजी सचिव ने सोमवार की दोपहर खुद को लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली

Update: 2021-08-30 09:39 GMT

लखनऊ। सचिवालय के बापू भवन में अपर मुख्य सचिव नगर विकास के निजी सचिव ने सोमवार की दोपहर खुद को लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर दौड़े साथी कर्मचारियों ने तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को देते हुए उन्हें राजधानी के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। निजी सचिव के खुद को गोली से उड़ाने की वजह अभी सामने नहीं आई है।

सोमवार को राजधानी स्थित सचिवालय के बापू भवन में अपर मुख्य सचिव नगर विकास आईएएस रजनीश दुबे के निजी सचिव विशंभर दयाल ने दोपहर के समय लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज को सुनकर दौड़े साथी कर्मियों ने तुरंत ही मामले की जानकारी देते हुए उन्हें अस्पताल भिजवाया। हुसैनगंज स्थित सचिवालय के बापू भवन के आठवें तल पर रूम नंबर 824 में अपर मुख्य सचिव नगर विकास रजनीश दुबे के निजी सचिव विशंभर दयाल ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। गंभीर हालत में साथी कर्मचारी उन्हें तुरंत ही लोहिया अस्पताल में ले गए और वहां पर भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती कराए गए निजी सचिव की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। निजी सचिव के खुद को गोली से उड़ाने के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। हालांकि निजी सचिव पिछले कुछ दिनों से अवसाद के शिकार थे। साथी कर्मचारियों के मुताबिक वह पिछले कई दिनों से गुमसुम पर रहते थे। सूचना पर एसीपी हजरतगंज राघवेंद्र मिश्रा और इंस्पेक्टर हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है। अति सुरक्षा वाले इलाके में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस के सभी अधिकारियों ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया है।

Similar News