रामलला के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी- तीन गंभीर
घायल हुए 8 लोगों में तीन की हालत नाजुक होना बताई जा रही है।
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन करके वापस महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायल हुए लोगों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भिजवाया। घायल हुए 8 लोगों में तीन की हालत नाजुक होना बताई जा रही है।
सोमवार को 4 दिन पहले महाराष्ट्र के अहमद नगर से उत्तर प्रदेश के अयोध्या गए तकरीबन डेढ़ दर्जन लोग रामलला के दर्शन करने के बाद वापस महाराष्ट्र के अहमद नगर के लिए लौट रहे थे।
सोमवार को जैसे ही श्रद्धालुओं से भरी यह बस नागपुर- रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पनागर के पास पहुंची, तभी मातेश्वरी ढाबे के पास सड़क पर फर्राटा भरते हुए दौड़ रही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसा होते ही बस में सवार श्रद्धालु मदद के लिए चीखने चिल्लाने लगे। आसपास के लोग भाग दौड़ करते हुए तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पनागर थाना पुलिस को दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जमा हुए लोगों की सहायता से बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और घायल हुए लोगों को मेडिकल कॉलेज में ट्रीटमेंट के लिए भिजवाया।
जानकारी मिल रही है कि हादसे में घायल हुए दीपक बाघ, शीतल बाघ अनीता एवं शुभांगी की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों के परिजनों को भी पुलिस द्वारा महाराष्ट्र में जानकारी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि चालक को नींद की जबकि आने की वजह से यह हादसा हुआ है। जिसके चलते पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।