आगरा बस दुर्धटना में मृतकों व घायलों को मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 29 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Update: 2019-07-08 12:15 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 29 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा तथा परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह से अविलम्ब घटना स्थल एंवं चिकित्सालयो पहुंचकर राहत एवं उपचार व्यवस्था का अनुश्रवण करने की अपेक्षा की है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना की जांच परिवहन आयुक्त, आगरा मण्डलायुक्त आगरा तथा महानिरीक्षक की समिति से कराये जाने के आदेश दिए है। यह समिति दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोक-थाम के लिए अपनाये जाने वाले उपायों के सम्बन्ध में भी अपनी संस्तुति देगी। जांच समिति अपनी रिपोर्ट 24 घण्टे के अन्दर प्रस्तुत करेगी।

यह जानकारी आज यहां देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। इस हादसे में गम्भीर रूप से घायल लोगों को 2.50 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।  

Tags:    

Similar News