पत्नी को जख्मी करने के बाद पति का खुदकुशी का प्रयास- हालत गंभीर

पत्नी को लहूलुहान करने के बाद पति ने खुद भी सुसाइड का प्रयास किया।

Update: 2024-05-05 11:50 GMT

मुजफ्फरनगर। गृह क्लेश ने घर के भीतर बुरी तरह से कोहराम मचा दिया। किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद चाय बना रही पत्नी को अलग बुलाकर ले गए पति ने उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को लहूलुहान करने के बाद पति ने खुद भी सुसाइड का प्रयास किया। गंभीर हालत के चलते दोनों जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए हैं। जहां पति की हालत गंभीर बनी हुई है।

रविवार को जनपद मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में बस स्टैंड के पास रहने वाले साजिद अंसारी की किसी बात को लेकर अपनी पत्नी खुशनुमा के साथ कहासुनी हो गई। इसी दौरान जिस समय पत्नी रसोई घर में चाय बना रही थी उसी समय साजिद अपनी पत्नी को बुलाकर अलग ले गया और चारपाई पर गिराने के बाद उसके ऊपर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया।

पत्नी को बुरी तरह से लहू लुहान करने के बाद साजिद ने खुद भी सुसाइड का प्रयास करते हुए अपने गले पर भी धारदार हथियार चला लिया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर जमा हुई भीड़ पुलिस को सूचना देते हुए पति-पत्नी को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई। जहां से गंभीर हालत के चलते दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने मामले की छानबीन के बाद बताया है कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान साजिद ने प्रहार कर अपनी पत्नी को घायल कर दिया। साजिद भी इस विवाद में खुद भी घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है

Tags:    

Similar News