करनाल। नगर निकाय चुनाव से पहले ही कांग्रेस को झटका देते हुए तकरीबन 50 नेताओं ने पार्टी का साथ छोड़ते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा से जुड़ने वाले नेताओं में हरियाणा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रहे नेता भी शामिल है।
हरियाणा में 2 मार्च को होने वाले निकाय चुनाव से पहले करनाल में कांग्रेस को करारा झटका लगा है। पार्टी के तकरीबन 50 नेताओं ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। कांग्रेस से आए लोगों को भाजपा में शामिल करने के लिए आयोजित किए गए समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी शामिल हुए।
भाजपा से जुड़ने वाले नेताओं में हरियाणा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रहे त्रिलोचन सिंह, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक खुराना, करनाल नगर निगम के पूर्व चेयर पर्सन बलविंदर कालरा भी शामिल है। इनके अलावा आम आदमी पार्टी के नेता संजय बिंदल, कांग्रेस ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष संजय चंदेल के अतिरिक्त कई पूर्व पार्षदों ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।