महंगाई को लेकर उबाल-अर्थी निकालकर किया जोरदार प्रदर्शन

महंगाई को लेकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार को दोषी ठहराते हुए महंगाई की अर्थी निकाली और कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।

Update: 2022-07-28 08:18 GMT

मेरठ। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार को दोषी ठहराते हुए महंगाई की अर्थी निकाली और कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ कलेक्ट्रेट में घुसने को लेकर नोकझोंक भी हुई।

बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देश में दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई पर चिंता जताते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों को दोषी ठहराया। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी की अगुवाई में कमिश्नरी पर इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ अर्थी तैयार की। लकडी के डंडों व खरपच्चियों से प्रतीकात्मक अर्थी तैयार कर कार्यकर्ताओं ने उसके ऊपर गैस सिलेंडर रखा और कलेक्टर की कलेक्ट्रेट की तरफ पैदल मार्च आरंभ कर दिया।

कलेक्ट्रेट में घुसने को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ रोकने पर जोरदार झड़प भी हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि जब से मोदी सरकार आई है, उस समय से आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ रही है। चावल से जीएसटी हटाने के बजाय सरकार अपनी तिजोरी भरने पर ध्यान दे रही है। घरेलू सिलेंडर के दाम दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं। ऐसी सरकार नहीं चाहिए जो महंगाई पर अंकुश नहीं लगा सके।

इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। काफी समय तक मंहगाई को लेकर आरोप लगाने के बाद में मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

Tags:    

Similar News