समाजवादी पार्टी ने उन्नाव की रेप पीड़िता की दर्दनाक मौत पर दी श्रद्धांजलि
लखनऊ सहित प्रदेश के सभी 75 जनपदों में उन्नाव की रेप पीड़िता की दर्दनाक मृत्यु पर श्रद्धांजलि देने हेतु समाजवादी पार्टी द्वारा शोकसभाओं का आयोजन किया गया।
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी 75 जनपदों में उन्नाव की रेप पीड़िता की दर्दनाक मृत्यु पर श्रद्धांजलि देने हेतु समाजवादी पार्टी द्वारा शोकसभाओं का आयोजन किया गया।
लखनऊ में कल सायंकाल 05ः30 बजे हजारों समाजवादी कार्यकर्ता तथा समर्थकों ने मृतका की निर्मम हत्या और सरकार की अक्षमता के विरोध में परिवर्तन चौक से जीपीओ हजरतगंज, गांधी की प्रतिमा तक कैंडिल मार्च निकाला जिसका नेतृत्व महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित ने किया।
इसके पूर्व उन्नाव की रेप पीड़िता को 05 दिसम्बर 2019 को जलाकर हत्या करने की लोमहर्षक घटना के विरोध में 07 दिसम्बर 2019 को प्रातः 11ः00 बजे लोकभवन सचिवालय के मुख्य द्वार पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के साथ धरना दिया था।
अखिलेश यादव ने उन्नाव काण्ड पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार और उसे जिंदा जला देने की घटना अमानुषिक कृत्य है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। आज पूरे प्रदेश में महिलाएं और बच्चियों असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वे दहशत में जी रही है। राज्य सरकार महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानती है। भाजपा में ही अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा उन्नाव की बेटी ने जो दर्द सहा है उसके प्रति सरकार का रवैया असंवेदनशील है। समाजवादी पार्टी संतप्त परिवार के साथ है।
यादव ने कहा कि उन्नाव की बेटी की हत्या में भाजपा सरकार की लापरवाही जिम्मेदार है। यह प्रदेश की हरनारी के गरिमामय जीवन व सुरक्षा का प्रश्न है। अगर भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री में अंशमात्र की संवेदनशीलता है तो वे त्याग पत्र दें। यह प्रदेश की हर नारी और हमारी भी मांग है।
अखिलेश यादव के निर्देश पर नरेश उत्तम पटेल के साथ एम.एल.सी. सुनील सिंह यादव एवं डाॅ राजपाल कश्यप, विधायक अंबरीष सिंह पुष्कर, पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा एवं जिलाध्यक्ष उन्नाव धर्मेन्द्र यादव सहित पूर्व मंत्री सुधीर रावत, पूर्व विधायक उदयराज यादव तथा समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों एवं दुखी मन से मृतक के गांव में पहुंचकर उसके अंतिम संस्कार में भाग लिया और मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित की।