जौनपुर: दिग्गज धनंजय सिंह को लकी यादव ने हराया

मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा के लकी यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को हरा दिया है। लकी यादव सपा के दिवंगत सपा विधायक पारसनाथ यादव के पुत्र हैं।;

Update: 2020-11-10 10:08 GMT

जौनपुर। यूपी उपचुनाव में जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट पर पहला नतीजा घोषित हो चुका है। मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा के लकी यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को हरा दिया है। लकी यादव सपा के दिवंगत सपा विधायक पारसनाथ यादव के पुत्र हैं। सपा के लकी यादव इस सीट पर तगड़े दावेदार माने जा रहे थे और उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को कड़ी टक्कर देते हुए 4583 वोटों से हरा दिया है। 

मल्‍हनी में सपा विधायक पारसनाथ यादव के निधन से खाली हुई इस सीट पर उनके पुत्र लकी यादव तगड़े दावेदार माने जा रहे थे। कड़ी टक्‍कर देने में धनंजय सिंह की स्‍थानीय प्रत्‍याशी की छवि बड़ी भूमिका में नजर आई।

छात्र राजनीति से सक्रिय निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह ने वर्ष 2002 में पहली बार निर्दल प्रत्याशी के रूप में रारी विधानसभा से चुनाव जीते थे। वर्ष 2007 में जनता दल (यू) से पुन: सपा के लाल बहादुर यादव को हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद बीएसपी ने चुनावी दांव खेलते हुए वर्ष 2009 में जौनपुर सदर लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया। यहां भी धनंजय सिंह ने भारी मतों से जीत दर्ज किया। वर्ष 2009 में ही रारी विधानसभा के उपचुनाव में अपने पिता राजदेव सिंह को बसपा से जिताकर सदन तक पहुंचाया। सीट बंटवारे को लेकर हुए मनमुटाव के बाद बसपा ने धनंजय को न सिर्फ पार्टी से बाहर किया, बल्कि उन्हें जेल भी भेजा। जेल में रहते हुए वर्ष 2012 में इन्होंने अपनी पत्नी डा. जागृति सिंह को नवसृजित मल्हनी विधानसभा से निर्दल चुनाव लड़ाया, लेकिन उनकी पत्नी चुनाव हार गईं। वर्ष 2017 में भाजपा लहर में निर्दल प्रत्याशी के रूप में खुद धनंजय सिंह चुनाव जीत नहीं सके।


उपचुनाव में मल्हनी विधानसभा सीट पर मतगणना की शुरुआत में डाक मतों में सपा के लकी यादव से बढ़त बनाने वाले दूसरे राउंड की गणना पूरी होते-होते निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह 990 मतों से सपा प्रत्याशी लकी यादव से आगे पहुंच गए। धनंजय सिंह को इस राउंड में 4485 व सपा के लकी यादव को 3495 मत मिले। जिसका परिणाम है कि तीसरे राउंड तक वह निर्णायक बढ़त बनाने की स्थिति में आ गए।इसके बाद हर राउंड में धनंजय सिंह की बढ़त दसवें राउंड तक बरकरार रही। वहीं बारहवें राउंड का परिणाम दोपहर एक बजे आया तो मतों का फासला कम हुआ और धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से मात्र 397 वोट से ही आगे रहे। हालांकि, 13 वां राउंड धनंजय के लिए बुरा साबित हुआ और सपा के लकी यादव निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह से 1696 वोट से आगे हो गए। धनंजय सिंह को हराकर लकी यादव ने 41464 जीत दर्ज की है।

इस उप-चुनाव में पूर्व सांसद धनंजय सिंह ही बड़े चेहरों में एकमात्र प्रत्‍याशी थे जो मल्‍हनी विधानसभा क्षेत्र के वोटर भी थे। 

Tags:    

Similar News