BJP बनी कुंदन- AAP की गजब एन्ट्री- कांग्रेस धड़ाम

आप के इस शानदार प्रदर्शन से भाजपा के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है

Update: 2021-02-23 12:39 GMT

गांधीनगर। पीएम के गृह राज्य में हुए स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना में भाजपा ने एक बार फिर से अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। आम आदमी पार्टी ने भी चुनाव में मैदान मारते हुए राज्य में अपनी धमाकेदार एंट्री कराई है। हीरो के लिए मशहूर और भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले सूरत में आप ने 23 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। हालांकि आप के इस शानदार प्रदर्शन से भाजपा के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है, क्योंकि पिछली बार मुख्य विपक्षी पार्टी रही कांग्रेस का अभी तक यहां खाता भी नहीं खुल सका है।

सूरत नगर निगम की कुल 120 सीटों के लिए हुए चुनाव में से 107 सीटों की मतगणना के नतीजे सामने आ चुके हैं। भाजपा ने इन 107 नतीजों में 84 सीटों पर जीत हासिल की है। आप ने भी मैदान मारते हुए 23 सीटों पर अपना कब्जा जमाया है। कांग्रेस का सूरत में अभी खाता खुलना बाकी है। पार्टी के बेहद खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए सूरत कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बाबू रायका ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने वर्ष 2015 के दिसंबर माह में हुए निकाय चुनाव में सूरत में 36 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा 79 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। इस लिहाज से भाजपा ने इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार किया है तो वहीं कांग्रेस ने अपनी सभी सीटें हाथ से खो दी है।

आम आदमी पार्टी ने इस बार राज्य में अपने पांव जमाने के लिए गुजरात निकाय चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। 14 फरवरी को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने यहां रोड शो भी किया था। गौरतलब है कि राज्य के 6 नगर निगमों अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वड़ोदरा, भावनगर और जामनगर के 144 वार्डों की 576 सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ था। मतदान में औसतन 46.1 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। भाजपा का लंबे समय से इन नगर निगमों में शासन रहा है।

Tags:    

Similar News