अखिलेश बोले, BJP सरकार में अपराधियों को मिल रहा है संरक्षण

भाजपा सरकार में अपराधी को सत्ता का संरक्षण और अपराध को सामने लाने वाले पर केस दर्ज होने का अजीबोगरीब खेल चल रहा है।

Update: 2020-11-19 12:30 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में अपराधी को सत्ता का संरक्षण और अपराध को सामने लाने वाले पर केस दर्ज होने का अजीबोगरीब खेल चल रहा है।

अखिलेश यादव ने गुरूवार को जारी बयान में कहा कि कानून व्यवस्था का यह नया रंग ढंग महिलाओं को निराशा में आत्महत्या करने को मजबूर कर रहा है। पिछड़े, दलित और महिलाओं में असुरक्षा की भावना गहरे से घर कर गई है और वे घर-बाहर भयाक्रांत रहती हैं। एक तरह से तो भाजपा राज के जंगलराज में महिला होना ही सबसे बड़ा अपराध हो गया है।

उन्होने कहा कि दलित समाज की बेटियों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। अयोध्या के ग्राम नारा में सत्ता संरक्षित दबंगों द्वारा दलित किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना अत्यंत दुःखद है। बेटी को कब इंसाफ मिलेगा यह प्रश्न सरकार से पीड़ित परिवार का है। मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में स्कूटी सवार युवतियों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र पर ट्वीट कर लोकतंत्र की हत्या का बयान देने वाले योगी के राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने और अपराधी को पकड़ने के बजाय उसे उजागर करने वाले को ही पकड़ा जा रहा है। फतेहपुर में दो नाबालिग बहनों का शव मिलने पर मां का बयान टीवी चैनल पर चलाने के जुर्म में दो समाचार चैनलो पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

उन्होने कहा कि महिलाओं के खिलाफ जिस प्रकार बलात्कार, यौन उत्पीड़न और छेड़खानी के मामले बढ़े हैं उससे हताशा और अवसाद में आकर कई बहन बेटियों को आत्महत्या को मजबूर होना पड़ा है। सरकार पिंक बूथ और मिशनशक्ति जैसे दिखावटी कार्यक्रमों में समय बिता रही हैं। उसका ऐंटी रोमियों स्क्वाड हवा में है। समाजवादी सरकार ने अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन और यूपी डायल 100 सेवा शुरू की थी। भाजपा ने उसे बर्बाद कर दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खुद तमाम अपराधों में भाजपा नेता पदाधिकारी संलिप्त हैं। भाजपा सरकार इनको बचाने में ही सारी ताकत लगाए हुए है। जनता की जानमाल की सुरक्षा की उसे फिक्र नहीं। वह भी जानती है कि अब थोड़े ही दिन तो बचे हैं उसकी सत्ता से रवानगी के।

Tags:    

Similar News