अहमद पटेल का निधन- PM मोदी ने जताया दुःख

Update: 2020-11-25 02:54 GMT

नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार सुबह साढ़े तीन बजे निधन हो गया। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। इलाज के दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

उनके बेटे फैसल पटेल ने ट्विटर पर अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की। फैसल ने लिखा, "एक साथ कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था जिसकी वजह से उनका निधन हो गया। अपने सभी शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस वक्त कोरोना वायरस के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी सामूहिक आयोजन में जाने से बचें।"

71 वर्षीय अहमद पटेल अक्टूबर में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उन्होंने ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें 15 नवंबर को मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।

सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल का जन्म 21 अगस्त 1949 को गुजरात में भरुच ज़िले के पिरामल गांव में हुआ था। उस वक्त भरूच कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। वह पहली बार 1977 में 26 वर्ष की आयु में भरूच से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। अहमद पटेल यहां से तीन बार लोकसभा सांसद चुने गए। पार्टी में धीरे-धीरे उनका कद बढ़ता गया और 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव बनाए गए।

अहमद पटेल को 1986 में गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। वह 1988 में गांधी-नेहरू परिवार द्वारा संचालित जवाहर भवन ट्रस्ट के सचिव बनाए गए। वह सोनिया और राजीव दोनों के विश्वासपत्र रहे। वह तीन बार लोकसभा सांसद के अलावा पांच बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके थे। पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाले अहमद पटेल को 2018 में कांग्रेस पार्टी का कोषाध्याक्ष नियुक्त किया गया था।

                                                        राहुल -प्रियंका ने जताया दुःख 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने अपना एक पिलर खो दिया है। राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "यह दुख भरा दिन है। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के पिलर थे। उन्होंने कांग्रेस में ही श्वांस ली, कांग्रेस के लिए ही जिए और संकट काल में पार्टी के साथ खड़े रहे। वह पार्टी की संपत्ति थे। हम उनको हमेशा याद करेंगे। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी संवेदना।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, "अहमद जी अत्यंत समझदार और अनुभवी नेता थे। मैं उनसे हमेशा विचार विमर्श करती और उनकी सलाह लिया करती थी। वह हमारे सच्चे मित्र थे। उनके निधन से कांग्रेस को गहरी क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा "निशब्द..जिन्हें हर छोटा बड़ा, ,दोस्त, साथी..विरोधी भी...एक ही नाम से सम्मान देते- 'अहमद भाई'! वो जिन्होंने सदा निष्ठा व कर्तव्य निभाया,वो जिन्होंने सदा पार्टी को ही परिवार माना,वो जिन्होंने सदा राजनीतिक लकीरें मिटा दिलों पर छाप छोड़ी,अब भी विश्वास नही..अलविदा, अहमद जी।                               


                                                                  मोदी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट संदेश में कहा है, "अहमद पटेल जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक समाज की सेवा की। अपनी तीक्ष्ण बुद्धि के लिए जाने जाने वाले अहमद पटेल का कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके पुत्र फैजल से बात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की। भगवान से प्रार्थना है की अहमद भाई की आत्मा को शांति प्रदान करें।

Similar News