अजब प्रेम की गजब कहानी-3 प्रेमिकाओं से एक ही मंडप में रचाया ब्याह

भारत विभिन्न विविधताओं वाला देश है, जिसके चलते इस देश में अलग-अलग इलाकों में अजीबोगरीब नजारे भी देखने को मिलते हैं

Update: 2022-05-02 13:17 GMT

नई दिल्ली। भारत विभिन्न विविधताओं वाला देश है, जिसके चलते इस देश में अलग-अलग इलाकों में अजीबोगरीब नजारे भी देखने को मिलते हैं। पूर्व सरपंच ने अजब प्रेम की गजब कहानी लिखते हुए तीन प्रेमिकाओं से एक साथ एक ही मंडप के नीचे शादियां रचाकर सभी को बुरी तरह से अचंभित करके रख दिया है। चारों तकरीबन 15 साल से लिव-इन में रह रहे थे।

दरअसल मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में नानपुर गांव के पूर्व सरपंच समरथ मौर्य ने अपनी तीन प्रेमिकाओं नान बाई, मेला और सकरी के संग एक साथ एक ही मंडप के नीचे शादी रचाई है। पूर्व सरपंच का तीनों प्रेमिकाओं से अलग-अलग समय पर प्यार हुआ। पूर्व सरपंच 15 साल से अपनी तीनों प्रेमिकाओं के साथ रह रहा था। इस दौरान इन चारों के 6 बच्चे भी हुए। 15 साल पहले पूर्व सरपंच की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी। इसलिए वह अपनी प्रेमिकाओं के साथ शादी नहीं कर पाया था। अब जब वह आर्थिक रूप से संपन्न हो गया और उसके पास खेती-बाड़ी का धंधा भी हो गया तो 1 मई को आदिवासी रीति रिवाज के साथ पूर्व सरपंच ने तीनों के साथ धूमधाम के साथ शादी रचाई है।

समरथ मौर्य (35 साल) के पहली पत्नी नान बाई (33 साल) से 4 बच्चे हैं। इनमें 3 लड़की और 1 लड़का है। दूसरी पत्नी मेला बाई (29 साल) से 1 लड़का है। वहीं तीसरी पत्नी सकरी बाई (28 साल) से 1 लड़का है।



Tags:    

Similar News