उपचुनाव में जातिगत समीकरणों का ध्यान

Update: 2020-10-13 05:22 GMT

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर हो रहे उपचुनावों में दोनों दलों अर्थात् भाजपा और कांग्रेस ने जातिगत समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। आठ सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा व कांग्रेस के एक ही जाति के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। नौ सीटों पर उन जातियों के उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनका वहां सबसे ज्यादा वोट बैंक हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी जाति का पूरा ध्यान रखा गया। हालांकि इनमें 7 सीटें ऐसी हैं, जिन्हें जाति के बंधन से मुक्त रखा है। चार सीटों पर एक दल ने ऐसे प्रत्याशी को टिकट दिया जिसका सबसे ज्यादा वोट बैंक है। ग्वालियर चंबल की 16 में 12 सीटों पर जाति को ध्यान में रखकर टिकट दिया गया है।

डबरा (एससी) सीट पर जाटव मतदाता 40 हजार हैं तो भाजपा ने इमरती देवी व कांग्रेस ने सुरेश राजे (दोनों जाटव समाज के) को टिकट दिया है। सांची (एससी) में अहिरवार मतदाता 28 हजार हैं। यहां भाजपा ने प्रभुराम चैधरी कांग्रेस ने मदन चौधरी (दोनों ही अहिरवार) को टिक दिया है। मुरैना में गुर्जर मतदाता 50 हजार हैं। यहां भाजपा ने रघुराज कंसाना व कांग्रेस ने राकेश मावई (दोनों गुर्जर समाज से) को प्रत्याशी बनाया है। बड़ा मलहरा में लोधी मतदाता लगभग 37 हजार हैं। यहां भाजपा ने प्रद्युम्न लोधी कांग्रेस ने रामसिया भारती को टिकट दिया। दोनों लोधी समाज के हैं। करैरा (एससी) सीट पर जाटव मतदाता 36 हजार हैं। यहां भाजपा ने जसमंत जाटव कांग्रेस ने प्रागीलाल जाटव (दोनों जाटव समाज के) को प्रत्याशी बनाया। गोहद (एससी) सीट पर जाटव मतदाता ने 65 हजार तो भाजपा ने रणवीर जाटव कांग्रेस ने मेवाराम जाटव (दोनों जाटव समाज के) पर दांव लगाया। अनूपपुर (एसटी) पर गौंड आदिवासी मतदाता 50 हजार हैं। यहां भाजपा ने बिसाहूलाल सिंह कांग्रेस ने विश्वनाथ सिंह (दोनों गौंड आदिवासी समाज के) को टिकट दिया। नेपानगर (एसटी) सीट कोरकू आदिवासी मतदाता 75 हजार हैं। भाजपा ने सुमित्रा कास्डेकर कांग्रेस ने रामकिशन पटेल (दोनों कोरकू आदिवासी समाज केे) को टिकट दिया है। सुमावली सीट पर भाजपा ने एंदल सिंह कंसाना (गुर्जर) व कांग्रेस ने अजब सिंह कुशवाह (गुर्जर व कुशवाह वोट सबसे ज्यादा हैं) को टिकट दिया है। मेहगांव में भाजपा ने ओपीएस भदौरिया (क्षत्रिय) को और कांग्रेस ने हेमंत कटारे (ब्राह्मण) (ब्राह्मण और ठाकुर सबसे ज्यादा) को अपना प्रत्याशी बनाया।

इसी क्रम में मुंगावली सीट पर भाजपा ने बृजेंद्र सिंह यादव और कांग्रेस ने कन्हईराम लोधी (यादव और लोधी सबसे ज्यादा) को टिकट दिया है। बदनावर में भाजपा ने राजवर्धन सिंह (राजपूत) व कांग्रेस ने कमल पटेल (गुजराती राजपूत) को टिकट दिया क्योंकि यहां राजपूत व गुजराती राजपूत समाज के मतदाता ज्यादा हैं। दिमनी में भाजपा ने गिर्राज दंडोतिया (ब्राह्मण) व कांग्रेस ने रवींद्र सिंह तोमर (क्षत्रिय) को टिकट दिया क्योंकि क्षत्रिय व ब्राह्मण मतदाता यहां ज्यादा हैं। मांधाता में भाजपा ने नारायण पटेल (गुर्जर) व कांग्रेस ने उत्तम पाल सिंह (राजपूत) को प्रत्याशी बनाया। क्योंकि राजपूत और गुर्जर इस क्षेत्र में अधिक हैं। ग्वालियर में भाजपा ने प्रद्युम्न तोमर को तो कांग्रेस ने सुनील शर्मा को टिकट दिया। ब्यावरा में भाजपा ने नारायण सिंह पंवार (सौंधिया) और कांग्रेस ने रामचंद्र दांगी को प्रत्याशी बनाया। दांगी और सौंधिया बाहुल्य यह क्षेत्र है। ग्वालियर पूर्व से भाजपा ने मुन्नालाल गोयल को और कांग्रेस ने सतीश सिकरवार को टिकट दिया है। यहां भी इन्हीं जातियों का दबदबा है।

पोहरी में धाकड़ समाज बड़ी संख्या में है। यहां भाजपा ने सुरेश धाकड़ को टिकट दिया है। अंबाह में सखवार वोटर 50 हजार से अधिक हैं, इसलिए कांग्रेस ने बसपा से आए सत्यप्रकाश सखवार को टिकट दिया है। इस तरह प्रत्याशी चयन में जातीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है। (हिफी)

Similar News