ग्राम प्रधान के ससुर की खेत में पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या

ग्राम प्रधान के ससुर की खेत में पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेठिया में ग्राम प्रधान के ससुर की खेत में अज्ञात लोगों ने पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेठिया की ग्राम प्रधान आरती देवी हैं। प्रतिदिन की तरह बुधवार की रात को ग्राम प्रधान के ससुर राम प्रसाद चौहान (65) घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित खेत में फसल की रखवाली के लिए गए और खेत के पास बने मकान में ही सो गए। गुरुवार को सुबह रामप्रसाद की पत्नी सुखिया देवी पति के पास गई, तो देखा कि पति औंधे मुंह बिस्तर पर पड़े हुए हैं, चेहरे से खून निकल रहा है। इस पर महिला ने शोर मचाते हुए परिवार को सूचना दी। उन्हे सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में गुरुवार की सुबह पांच बजे भर्ती कर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में मौत हो गई। ग्राम प्रधान के जेठ प्रधान प्रतिनिधि बच्चन चौहान ने प्रधानी के रंजिश में गांव निवासी पूर्व प्रधान श्रीचंद्र, अभिषेक, विवेक, आनंद, मोटे और अनूप के अलावा एक महिला पर पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top