गणतंत्र दिवस पर सतीश गोयल ने समझाया संविधान का सही अर्थ

गणतंत्र दिवस पर सतीश गोयल ने समझाया संविधान का सही अर्थ
  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
  • Story Tags

मुजफ्फरनगर। आज दिनांक 26 जनवरी, 2020 को एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रांगण में 71वां गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में हर्ष और उल्लास के बीच धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में जहां विद्यालय के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया, वहीं चार्टर्ड एकाउंटेंट की फाइनल परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यालय के पूर्व 4 छात्र-छात्राओं को आज स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की ओर से पुरस्कार प्रदान करते हुए सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल में मना गणतंत्र दिवस, मेधावियों को किया सम्मानित


एम.जी. पब्लिक स्कूल में रविवार को 71वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। स्कूल प्रांगण में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके उपरांत राष्ट्रीय गान हुआ। गणतंत्र दिवस और संविधान को लेकर कक्षा-11 साइंस की छात्रा मानसी ने अंग्रेजी तो कक्षा-10 के छात्र नचिकेता ने हिन्दी में भाषण प्रस्तुत किया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने सुन्दर संास्कृतिक व देशभक्ति नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये। स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की ओर से चार्टर्ड एकाउंटेंट बनने वाले विद्यालय के चार छात्र-छात्राओं अमन पपनेजा, राशि कथूरिया, रेशू अरोरा और कृति जैन को स्मृति चिन्ह व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। ये चारों स्कूल के ही पूर्व विद्यार्थी रहे और आज अपने परिजनों के साथ इस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। 0.1 अवार्डी प्रोग्राम के अन्तर्गत शैक्षिक सत्र 2019 में कक्षा-10 के सब्जेक्ट टाॅपर्स रहे 14 छात्र छात्राओं चितवन गोयल, श्रेया चैधरी, श्वेत, विशाखा आर्य, अशजा फातिमा, अनु पंवार, अर्जुन देशवाल, अर्णव यादव, प्रणव कुमार, अर्जुन शर्मा, धु्रव त्यागी, मानसी, सहरावत, विशाखा छाबरा और वशु रानी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सतीश गोयल ने जब समझाया संविधान का सही अर्थ


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, आज इसकी याद में हम 71वां गणतंत्र दिवस मना रहे है, यह राष्ट्रीय पर्व है, इसका धर्म, जाति व सम्प्रदाय से कोई ताल्लुक नहीं है, यह भारतीय नागरिकों का पर्व है। इस संविधान ने देश के नागरिकों को असीमित अधिकार दिये हैं। इनमें विरोध का भी अधिकार है, लेकिन यह गांधीवादी विचारधारा के साथ अहिंसात्मक होना चाहिए। उन्होंने सीएए का जिक्र करते हुए उसके विरोध में हो रहे हिंसात्मक आंदोलन की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा गलत है। हमें समाज में जागरुकता लाने का अपना नागरिक कर्तव्य निभाना चाहिए। आज संविधान की रक्षा का दायित्व देश के युवाओं पर है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ सभी को देश के प्रति समर्पित रहने और देश के महापुरुषों के जीवन का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।


स्कूल डायरेक्टर जी.बी. पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज नारी सशक्तिकरण का दौर है और गणतंत्र दिवस परेड में सम्पूर्ण फोर्स की परेड कमांडर बनकर तान्या शेरगिल ने यह साबित किया है। आज हम संविधान के 70 साल पूरे कर चुके हैं। ऐसे में पीछे देखे तो 1962 में चीन के साथ हुए युद्ध ने हमारी आंखे खोली थी, तभी से आज तक हमारा देश विकास की ओर अग्रसर है, उन्होंने देश के विकास के लिए इन्दिरा गांधी के परमाणु परीक्षण से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी के पोखरण तक की कहानी विद्यार्थी को बतायी और एपीजे अब्दुल कलाम, डा. मनमोहन सिंह से आज पीएम नरेन्द्र मोदी को नये भारत का उदय करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि संविधान में 104 संशोधन हुए, इसी में सीएए भी है। समय के साथ बदलना मानव जीवन की नियति है, क्योंकि हमारा संविधान भी जीवित है तो उसमें बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम संवैधानिक अधिकारों की बातें करते हैं, लेकिन संवैधानिक दायित्वों को भूल बैठे हैं। पहले दायित्वों को निभायें, अधिकार स्वयं मिल जाते हैं। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


प्रिंसीपल श्रीमती मोनिका गर्ग ने बच्चों को अपनी मातृभाषा हिन्दी को सर्वप्रथम अपनाने का आह्नान करते हुए कहा कि आज हम स्वर्णिम इतिहास की बात करते हैं, लेकिन इसके साथ ही हमें भविष्य की बात करनी चाहिए। युवाओं को एक सशक्त, सफल और स्वर्णिम भविष्य के लिए प्रेरित करना सभी का दायित्व है। उनके द्वारा देश के विकास के लिए इतिहास से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेन पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को चरित्र निर्माण पर फोकस करना चाहिए। देश और समाज से विसंगतियों को दूर करने के लिए उन्होंने गुरूमंत्र देते हुए कहा कि हम अच्छे, आप अच्छे तो भारत बहुत अच्छा बनकर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने अतिथियों, मैनेजमेंट कमेटी, शिक्षकों व विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मैनेजमेंट कमेटी के वाइस चेयरमैन पुरुषोत्तम सिंघल, रोहित सिंघल, कार्तिक सिंघल और हर्ष सिंघल आदि मौजूद रहे।

जब सतीश गोयल ने सुरेन्द्र सिन्धी को किया याद


एम.जी. पब्लिक स्कूल में गणतंत्र समारोह के दौरान मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन और जिले के प्रमुख उद्योगपति सतीश चन्द गोयल ने समारोह में अपने विचार रखते हुए स्कूल कमेटी के दिवंगत सचिव स्व. सुरेन्द्र कुमार सिंघल सिन्धी को खूब याद किया। उन्होंने कहा कि यह पहला गणतंत्र दिवस समारोह है, जबकि हम सुरेन्द्र भैया के बिना मना रहे हैं। वह हमेशा ही प्रेरणास्रोत रहे हैं। बाबू जी के साथ मिलकर उन्होंने इस स्कूल को आगे बढ़ाया है। समाजसेवा के कार्यों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सुरेन्द्र सिन्धी हमारे लिए एक मजबूत स्तम्भ थे, मैं यही प्रयास करूंगा कि बाबू जी और सुरेन्द्र भैया के बीच के सम्बंधों को उसी सम्मान और विश्वास के साथ आगे बढ़ाऊं।

epmty
epmty
Top