केन्द्रीय मंत्री भट्ट ने किया नामांकन- दिग्गजों ने दिखायी ताकत

केन्द्रीय मंत्री भट्ट ने किया नामांकन- दिग्गजों ने दिखायी ताकत

नैनीताल। केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के दिग्गज नेता इस मौके पर उपस्थित रहे। नामांकन सभा को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हृदय में उत्तराखंड बसता है। उन्हें हर मामले में उत्तराखंड का स्मरण रहता है।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के विकास के लिये निरंतर चिंतित रहते हैं। केन्द्र के सहयोग से अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं। इनसे प्रदेश के विकास को गति मिली है। सालों से लटकी योजनाओं को भी स्वीकृति दी है। इनमें जमरानी जैसी महात्वाकांशी बांध परियोजना प्रमुख है। धामी ने कहा कि प्रदेश को नई रेलगाड़ियां मिलने के साथ ही रेलवे स्टेशनों का विकास हुआ है। ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की सेटेलाइट सेंटर को भी मंजूरी मिली हैं।

उन्होंने कहा कि मानसखंड परियाजना के तहत कुमाऊं के हर क्षेत्र का विकास हो रहा है। प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़कों का बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। हाल ही में धामपुर-काशीपुर रेल लाइन के सर्वे को भी केन्द्र से स्वीकृति मिल गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खुद घोषणा कर चुके हैं कि तीसरे टर्म में और बड़े फैसले लिये जाने हैं। खासकर भारत को विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाना है। उन्होंने इस दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया।

उन्होंने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। नकल विरोधी कानून के साथ ही दंगा रोधी कानून को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया। उन्होंने आगे कहा कि होली के बाद चार जून को प्रदेश की जनता दीपावली मनायेगी। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भारी उत्साह है और भाजपा के पांचों प्रत्याशी पांच लाख से अधिक मतों से विजयी होंगे।

उन्होंने जनता का आह्वान किया कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिये 19 अप्रैल को भारी संख्या में मतदान करें। भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के साथ नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। इसके अलावा नामांकन सभा में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजय, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जिले के लगभग सभी विधायक मौजूद रहे।

epmty
epmty
Top