शिक्षा व खेल का सही संतुलन सफलता के लिए आवश्यक- शांडिल

शिक्षा व खेल का सही संतुलन सफलता के लिए आवश्यक- शांडिल

सोलन। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शिक्षा और खेल का सही संतुलन जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।

डॉ. शांडिल शनिवार को सोलन के कण्डाघाट स्थित राजकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में छात्राओं की 25वीं इंटर पॉलिटेक्निक तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, टेबल टेनिस तथा बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 16 संस्थानों की 217 छात्राओं ने भाग लिया।

डॉ. शांडिल ने कहा कि खेल हमें एकाग्र, अनुशासित और प्रतिस्पर्धात्मक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए एकाग्रता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आवश्यक है। खेल हमें यह सब आसानी से सीखा देते हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण आवश्यक है। लक्ष्य निर्धारण में खेल महत्वपूर्ण हैं। खेलों में कदम-कदम पर लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। यह सीख जीवन में स्थाई सफलता का आधार बनती है।

डॉ. शांडिल ने छात्राओं से आग्रह किया कि नशे से सदैव दूर रहें और संकल्प ले कि किसी को भी नशा नहीं करने देंगे।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में शीघ्र ही नए पाठ्यक्रम आरम्भ करने का प्रयास किया जाएगा। महाविद्यालय में एक बड़ा गेट निर्मित किया जाएगा और कॉलेज की अन्य समस्याओं को शीघ्र सुलझाया जाएगा।

epmty
epmty
Top