चुनाव में ओवैसी और भाजपा के गठबंधन से सावधान रहे बिहार : दिग्विजय

चुनाव में ओवैसी और भाजपा के गठबंधन से सावधान रहे बिहार : दिग्विजय

पटना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बिहार की जनता को सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन से सावधान रहने की हिदायत देते हुए आज कहा कि चुनाव आते ही भाजपा ओवैसी के साथ मिलकर राज्य की जनता को बरगलाना शुरू कर देती है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की विधानसभावार ऑनलाइल रैली क्रांति महासम्मेलन में सोमवार को गोपालगंज और सीवान जिले के कार्यकर्ता एवं जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नाथूराम गोडसे की विचारधारा के खिलाफ पूरे देश में विपक्ष को एकजुट होना होगा। धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और गोडसे की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन के अपने साथी लालू प्रसाद यादव के साथ सरकार बनाकर उनको भी धोखा दिया है।

कांग्रेस नेता ने बिहार के लोगों को आगाह किया कि चुनाव आते ही भाजपा ओवैसी के साथ मिलकर बिहार में लोगों को बरगलाने का काम शुरू कर देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय योजना के लागू हुए बिना देश में खुशहाली नहीं आ सकती है। इसे अविलंब लागू करने की जरूरत है लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने कहा कि इस बार जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे तो राज्य की जनता उनसे पूछे कि पिछले पैकेज का कितना पैसा उन्होंने दिया है। उन्होंने हिन्दू हितैषी बनने वाली भाजपा के छलावे को उजागर कर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और एयर इंडिया के बंद होने से बेरोजगार होने वाले लोगों का आंकड़ा पेश करते हुए बताया कि सबसे ज्यादा वही समुदाय प्रभावित हो रहा है, जिनकी हितैषी बनने की भाजपा दिखावा करती है।

वार्ता

epmty
epmty
Top