झूठे वादों वाली भाजपा सरकार को वोट से कुचलेगी जनता-अखिलेश

झूठे वादों वाली भाजपा सरकार को वोट से कुचलेगी जनता-अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि झूठे वादों और प्रचार माध्यमों के जरिये उत्तर प्रदेश में सरकार चलाने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जनता वोटों से कुचलने को तैयार बैठी है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा और पूर्व विधायक उदय पाल मौर्य के अलावा उप्र राज्य कर्मचारी संघ के नेता हरिकिशोर तिवारी समेत तमाम लोगों को सपा में शामिल कराने के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यादव ने रविवार को कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जता कर दो बार लोकसभा और 2017 में यूपी में सरकार बनाने में मदद की मगर उसकी अपेक्षाओं पर कुठाराघात किया गया। केन्द्र की मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डालर बनाने का वादा किया था जबकि यूपी में योगी सरकार ने एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा जनता से किया मगर नतीजा अभी भी सिफर है।

उन्होने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण पाने का वादा भी कोरा कागज साबित हुआ। आज सुबह की चाय से लेकर रात का खाना तक कई गुना महंगा हो चुका है। तमाम गरीब मजदूर आज भुखमरी की कगार पर हैं। पेट्रोल,डीजल,खाद्य तेल, दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। ग्लोबल इंडेक्स में हमारा देश पाकिस्तान,नेपाल और बांग्लादेश से भी पीछे चला गया है। कुपोषण में उत्तर प्रदेश पूरे देश में अव्वल है। यह सब भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण हुआ है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि वह गरीब जनता को बडे पैमाने पर गेहू चावल दे रही है लेकिन इससे लोगों का पेट नही भर पा रहा है। सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गयी अक्षय पात्र योजना सिर्फ लखनऊ में सीमति होकर रह गयी है। बच्चों की पढाई चौपट है। पढाई का कोई इंतजाम नहीं है। नौजवानो को रोजगार नहीं है। देश का भविष्य अंधेरे में है। यह सरकार सिर्फ नारों विज्ञापनो में अच्छी लगती है। यहां सिर्फ प्रचार में नौकरी मिलती है। सरकार कहती है कि उसके एक लाख रोजगार और नौकरी दी है। अगर ऐसा है तो सरकार नौकरी रोजगार पाने वालों की सूची सार्वजनिक करे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अपने हक की मांग करता है तो उसे टायरों से कुचल दिया जाता है। आम जनता का पेट भरना और उनके तन पर वस्त्र देने का काम किसान कर रहा है। वास्तव में वह देश की अर्थव्यवस्था का पोषक है मगर उसे आतंकवादी, मवाली कहा जा रहा है। अब तक गन्ने का बकाया भुगतान भी नही किया गया है।

उन्होने कहा कि यह सरकार महंगी बिजली देने का दावा कर रही है जबकि लोगों को त्योहार अंधेरे में मनाने पड़े। अगर सही समय पर कोयले का इंतजाम किया होता तो लोगों को त्योहार पर भी बिजली मिल जाती। भाजपा सरकार सिर्फ नाम बदलना, रंग बदलना,नेम प्लेट बदलना,होर्डिंग लगवाना,गंगा जल झिड़कवाना,कार पलटवाना, गड्ढों की जगह जेब भरना जानती है। इसका वश चले तो थर्मल प्लांट का नाम बदल कर कमल प्लांट करवा दे। यादव ने कहा कि बुंदेलखंड में विशेष योजना के तहत सरसों की मंडिया बनायी गयी थी जिसे तीन नये कृषि कानून अस्तित्व में आने के बाद रोक दिया गया। किसान को कीमत कहां मिलेगी। वह विश्वास दिलाते हैं कि बुंदेलखंड में तिल,सरसों और सोयाबीन का उत्पादन बढाने के लिये बुंदेलखंड में खास योजना के तहत काम किया जायेगा। सरसों के तेल के लिये संयंत्र स्थापित किये जायेंगे। उन्होने कहा कि सरकार कुतर्क देती है कि मिलावट बंद होने से सरसों के तेल के दाम बढ गये।

उन्होने कहा कि तेल में मिलावट करने के लिये भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों को सुविधा राहत और रियायत देने की योजना बनायी है ताकि उनकी जेबें और भरे और लोगों को शुद्ध तेल न मिलें। जनता वोटों से कुटाई करने के लिये बैठी है। सरकार को कंपनी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मिलावट वाले लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है।

बसपा के नेताओं के सपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होने कहा कि डा भीमराव अंबेडकर और डा राम मनोहर लोहिया के विचार वंचितों,शोषितों,दलितों के उत्थान को लेकर एक से रहे है। इसी क्रम में दलितों के हिमायती सपा के हाथ मजबूत कर रहे है। बसपा प्रमुख मायावती सपा में शामिल होने वाले बसपा नेताओं के बारे में कुछ भी बोलें, उन्हे कोई फर्क नहीं पडता है।

उन्होने कहा कि वह दिन भी दूर नहीं है जब भाजपा के सैकड़ों नेता उनकी पार्टी में शामिल हो क्योंकि सुनने में आ रहा है कि भाजपा से करीब 150 विधायकों का टिकट कटने जा रहा है।





epmty
epmty
Top