इमरान मसूद का नहीं कांग्रेस छोड़ने का इरादा-सपा में जाने से साफ इंकार

इमरान मसूद का नहीं कांग्रेस छोड़ने का इरादा-सपा में जाने से साफ इंकार

सहारनपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर नेता इमरान मसूद ने पार्टी छोड़ने से मना करते हुए समाजवादी पार्टी में शामिल होने से साफ तौर पर इंकार कर दिया है।

सहारनपुर में बेहट तहसील क्षेत्र की शाकुंभरी पीठ से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के रवाना होने के अवसर पर इमरान मसूद ने साफ तौर पर कहा है कि उनका अभी या फिर कभी भी समाजवादी पार्टी में शामिल होने का इरादा नहीं है। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे इमरान मसूद शनिवार को सहारनपुर से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के दौरान काफी सक्रिय रहे। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि देश तथा प्रदेश में कोई भी पार्टी अकेले भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती है। इसी कारण मेरी व्यक्तिगत राय यह है कि कांग्रेस के साथ सपा, बसपा तथा लोकदल सभी को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहिए। तभी जीत हो पानी संभव है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को टक्कर देने वाली सबसे बड़ी पार्टियों को रणनीति के तहत काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वायदों को समझ चुकी है। इसलिए वह देश और प्रदेश के भीतर बदलाव लाना चाहती है। इमरान मसूद ने कांग्रेस के पूर्व शासन का हवाला देते हुए कहा है कि कांग्रेस ने पूर्व सरकार में 72000 करोड रुपए किसानों के माफ किए हैं। देश के भीतर मनरेगा और भूमि अधिनियम भी कांग्रेस की ही देन है। इस दौरान बेहट में कांग्रेस नेता इमरान मसूद के फार्म हाउस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम भी पहुंचे थे। कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा से पहले उनके फार्म हाउस पर हुई प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री मुजफ्फर अली नकवी ने कहा है कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा जनता को जागरूक करने के लिए निकाली जा रही है। सहारनपुर में सात विधानसभा क्षेत्रों में यह यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आम लोगों को कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा है कि सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा का एकमात्र विकल्प है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने कहा है कि भाजपा के कुशासन को खत्म करते हुए कांग्रेस ही प्रदेश के भीतर सुशासन लाएगी। कांग्रेस दलित, अगड़े व पिछड़ों की जातिगत राजनीति नहीं करती है। कांग्रेस सभी जाति धर्म के लोगों की पार्टी है।



epmty
epmty
Top