जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं मोदी, उतनी बार प्रियंका...

जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं मोदी, उतनी बार प्रियंका...

मोहनखेड़ा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि वे अपने विभिन्न संबोधन में जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं, उतनी बार विकास का नाम ले लें, तो बेहतर होगा।

वाड्रा मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पहले राज्य के मालवा क्षेत्र के आदिवासीबहुल धार जिले के मोहनखेड़ा में पार्टी की जनाक्रोश रैली को संबोधित कर रहीं थीं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इंदौर संभाग के धार जिले में अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वे आज मोदी का संबोधन सुन रहीं थीं। उन्होंने 50 मिनट में 50 बार कांग्रेस का नाम लिया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि वे मोदी से उम्र और अनुभव में छोटी हैं, लेकिन उन्हें एक सलाह देना चाहती हैं कि जितनी बार वे कांग्रेस का नाम लेते हैं, उतनी बार विकास का नाम लेे लें, तो शायद बेहतर होगा। मोदी बताएं कि 18 साल की भाजपा सरकार ने इंदौर संभाग के लिए क्या किया।

अपने लगभग 40 मिनट के संबोधन में वाड्रा ने स्थान-स्थान पर हो रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोई अगर कुछ लिखता भी है तो उसके यहां ईडी पहुंच जाती है। अब ईडी फिल्मी सितारों के घर भी पहुंच रही है, लेकिन ईडी कभी मध्यप्रदेश में क्यों नहीं आती।

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में मां नर्मदा और भगवान महाकाल के साथ भी भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने राज्य में 18 साल में ढाई सौ से ज्यादा घोटाले हाेने का आरोप लगाया। वाड्रा ने आरोप लगाया कि चुनाव आने के चलते प्रधानमंत्री हर दूसरे दिन मध्यप्रदेश आकर करोड़ों रुपए के विकास कार्य होना बता रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि क्या प्रधानमंत्री को 18 साल में इन उद्घाटनों का समय नहीं मिला। कांग्रेस नेत्री ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने की स्थिति में किसान कर्जमाफी, पुरानी पेंशन लागू करने, 500 रुपए में सिलेंडर देने, महिलाओं को प्रति माह डेढ़ हजार रुपए देने और पांच हॉर्सपावर की सिंचाई की बिजली मुफ्त देने की पार्टी की गारंटी भी दोहराईं। उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों के भविष्य के बारे में विचार कर चुनाव में अपना वोट दें।

epmty
epmty
Top