धामी ने साइकिल यात्रा कर टोक्यो ओलंपिक खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया

धामी ने साइकिल यात्रा कर टोक्यो ओलंपिक खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया

नैनीताल। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के नगला में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोक्यो ओलंपिक में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिये साइकिल यात्रा में भी प्रतिभाग किया और पीपल चौराहे से फूलबाग तक साइकिल यात्रा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दूसरे दिन के दौरे पर पंतनगर से किच्छा और नानकमत्ता पहुंचे और यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। लोगों ने मुख्यमंत्री का इस दौरान जोरदार स्वागत किया।

किच्छा के नगला में मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिया कि वह नगलावासियों की मदद करेंगे। वह अतिक्रमण केे मामले में बीच का रास्ता तलाशेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक राजेश शुक्ला लगातार इस मामले को उठाते रहे हैं और उन्होंने मुख्य सचिव एसएस संधु को बीच का रास्ता निकालने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे नगला को नगर पंचायत का दर्जा देंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को 2022 के मिशन के लिये अभी से कमर कसने की बात कही।

इसके बाद मुख्यमंत्री अभिवादन रथ में शांतिपुरी पहुंचे। रास्ते में लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला किच्छा की ओर निकल गया। मुख्यमंत्री ने कनकपुर पहुंचकर शहीद देव बहादुर सिंह द्वार का लोकार्पण किया। साथ ही शहीदों के परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाया और जिलाधिकारी को इस संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने कनकपुर राजकीय इंटर कालेज का नाम शहीद देव बहादुर के नाम से करने की भी घोषणा की।

यहां से मुख्यमंत्री नानकमत्ता पहुंचे और गुरूद्वारा नानकमत्ता साहिब में शीश झुकाया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद शाम तक मुख्यमंत्री अपनी विधानसभा खटीमा के लिये रवाना हो गये। यहाँ उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की।

वार्ता

epmty
epmty
Top