पंजाब में राजनीति की दिशा बदली आप ने, हासिल किया प्रचंड बहुमत

पंजाब में राजनीति की दिशा बदली आप ने, हासिल किया प्रचंड बहुमत

नई दिल्ली। नये राजनीतिक प्रयोग करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में तमाम सत्ता समीकरणों को ध्वस्त करते हुए राज्य विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है।

चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों में गुरुवार को कहा गया कि आप पार्टी ने राज्य विधानसभा की 117 सीटों में से 92 सीटों पर कब्जा कर लिया हैं। राज्य में आप पार्टी ने कांग्रेस और अकाली दल का वर्चस्व खत्म कर दिया है। सत्तारूढ़ कांग्रेस को महज 18 सीटें मिली हैं। शिरोमणि अकाली दल को सिर्फ तीन सीटों पर संतोष करना पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी को दो विधानसभा क्षेत्रों में जीत मिली है। बहुजन समाज पार्टी को एक सीट पर सफलता मिली है। एक सीट निर्दलीय के खाते में गयी है।

आप के लोकसभा सांसद भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के कई दिग्गजों को धूल चटा दी। श्री मान ने धुरी विधानसभा सीट से दर्ज की है।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब सीट पर आप पार्टी के चरणजीत सिंह से 7942 मतों हार गये हैं। दूसरी भदौर विधानसभा सीट पर वह आप पार्टी लाभसिंह उगोके से 37 हजार 558 वोट से पराजित हुए हैं। कांग्रेस से अलग होकर नयी पंजाब लोक कांग्रेस बनाने वाले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल कोहली 19 हजार 873 वोट से पराजित हो गये हैं। आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से 58 हजार 206 मतों से जीतें हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी अमृतसर पूर्वी सीट तथा दशकों पंजाब की राजनीति अहम स्थान रखने वाले शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल लम्बी सीट से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुदीयां से पराजित हुए हैं। श्री बादल के पुत्र और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद सीट से आम आदमी पार्टी के जगदीप कम्बोज से पराजित हुए हैं।

आप पार्टी के संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत पर कहा कि आज बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और भगत सिंह का सपना पूरा हुआ है। श्री केजरीवाल ने कहा कि वह आज नये भारत का संकल्प लेंगे जिसमें नफरत नहीं होगी, मां-बहनें सुरक्षित होंगी, शिक्षा होगी। उन्होंने कहा," हम ऐसा भारत बनाएंगे, जिसमें कई मेडिकल काॅलेज होंगे जिससे बच्चों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। "

उन्होंने कहा, " कैप्टन अमरिन्दर सिंह हार गए, चरणजीत सिंह चन्नी साहब हार गए,नवजोत सिंह सिद्धू हार गए, यह बहुत बड़ा इंकलाब है। भगत सिंह ने कहा था कि आजादी मिलने के बाद हमने सिस्टम नहीं बदला तो कुछ नहीं होने वाला। पंजाब की जनता ने इस बार सिस्टम बदला है। "

उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब की जनता ने दिल्ली सरकार के 'केजरीवाल मॉडल' को स्वीकार किया है। श्री सिसोदिया ने पंजाब विधानसभा चुनावों के प्रारंभिक रुझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों ने शासन के 'केजरीवाल मॉडल' को एक अवसर दिया है। उन्होंने कहा, "आज यह माॅडल राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो चुका है। यह आम आदमी की विजय है।"

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य विधानसभा में शानदार जनादेश प्राप्त करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को बधाई दी है। श्री सिद्धू ने गुरुवार को एक ट्वीट में कहा कि जनता की इच्छा ईश्वर की इच्छा है। उन्हें जनता का जनादेश नम्रतापूर्वक स्वीकार है। उन्होंने कहा, "जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है। पंजाब का जनादेश नम्रतापूर्वक स्वीकार। आप को बधाई।"

आंकड़ों के अनुसार पंजाब में आप आदमी पार्टी को 42.01 प्रतिशत, कांग्रेस को 22.98 प्रतिशत, शिरोमणि अकाली दल को 18.38 प्रतिशत, भारतीय जनता पार्टी को 6.60 प्रतिशत और बहुजन समाज पार्टी को 1.77 प्रतिशत वोट मिले हैं। नोटा पर 0.71 प्रतिशत लोगों ने वोट दिये हैं।

वार्ता

epmty
epmty
Top