भाजपा सरकार भ्रम, संशय व दिशाहीनता की शिकार: अखिलेश

भाजपा सरकार भ्रम, संशय व दिशाहीनता की शिकार: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रम, संशय और दिशाहीनता की शिकार है। कानून व्यवस्था हो या कोरोना महामारी, स्थितियां उसके नियंत्रण में नहीं रह गई हैं। प्रशासनिक मशीनरी अंधेरे में हाथ पांव मार रही है। जनहित की योजनाएं तथा विकास कार्य ठप पड़े हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासनों के अंबार लग गए हैं, लेकिन उन पर अमल से सभी बच रहे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में बाढ़ और कोरोना संक्रमण से हालत गंभीर हैं। कई जगह लोग गांवों में अपने मकानों की छतों पर बैठे हुए हैं। उन्हें कोई राहत नहीं पहुंच पाई है। कोरोना का संकट घटने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। दो दिन के लॉकडाउन का भी कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा है। संक्रमण और मौतों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। अस्पतालों में कोविड-19, मरीजों को भर्ती में तमाम दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। अस्पतालों में बदइंतजामी की खबरें फिर भी नहीं रुक रही हैं। लखनऊ में भी कोरोना महामारी रोके नहीं रुक रही है, जबकि कानून व्यवस्था की स्थिति तो भाजपा सरकार में शुरू से ही बिगड़ी रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्या, लूटपाट, बलात्कार और अपहरण की घटनाएं होती रहती हैं। महिलाओं और बच्चियों का जीवन असुरक्षित है और दबंगों के आगे पुलिस तंत्र भी असहाय नजर आता है। अभी लोकभवन के सामने मां-बेटी ने खुद को आग के हवाले कर दिया, क्योंकि उनके जिले में उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। भाजपा राज में पत्रकार भी पुलिसिया दुर्व्यवहार के शिकार हैं। उनके कर्तव्य पालन को भी पुलिस अपराध मानती है। अखिलेश यादव ने कहा कि देश के चैथे स्तंभ को कमजोर करने का कोई भी कुत्सित प्रयास अस्वीकार्य होगा।

(हिफी न्यूज)

epmty
epmty
Top