हमारी कोशिश राजस्थान बने सुशासन का मॉडल : अशोक गहलोत

हमारी कोशिश राजस्थान बने सुशासन का मॉडल : अशोक गहलोत

जयपुर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोविड़-19 महामारी की विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास को बनाए रखना चुनौती है।

अशोक गहलोत आज यहां वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री आर्थिक सुधार सलाहकार परिषद की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय में आर्थिक मंदी, नोटबंदी, जीएसटी संग्रहण में कमी तथा कोरोना महामारी से उपजे आर्थिक संकट ने हमें अवसर दिया है कि सतत विकास के लिए हम आर्थिक सुधार करने के साथ ही गवर्नेंस के मॉडल में भी बदलाव लाएं।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विशेषज्ञों की राय के आधार पर आर्थिक सुधार और संसाधनों का समुचित उपयोग कर राजस्थान को सुशासन के एक मॉडल के रूप में स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री आर्थिक सुधार सलाहकार परिषद का गठन इस दिशा में अहम कदम है।

अशोक गहलोत ने कहा कि बीते कुछ समय में राजस्थान पहले जैसा बीमारू प्रदेश नहीं रहा है। प्रदेश में लगातार आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा, उद्योग आदि क्षेत्रों में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ा है। विकास की इस गति को आगे भी बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि इच्छाशक्ति के साथ मजबूत फैसले लिए जाएं, जिनसे राजस्थान की तस्वीर बदल सके।

उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करने, ऑर्गेनिक खेती, गरीब बच्चों तक डिजिटल शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, पर्यटन तथा सामाजिक सुरक्षा आदि क्षेत्रों में हमें आगे बढ़ने की जरूरत है। इसके साथ ही हमारा राजकोषीय प्रबंधन कैसे बेहतर हो, यह हमारी प्राथमिकता में है। हमारा प्रयास है कि कुशल वित्तीय प्रबंधन कर हम राजस्थान को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं ताकि हमारा प्रदेश विकास के ट्रेक पर तेजी से दौड़ सके।

epmty
epmty
Top