UP बोर्ड रिजल्ट: यूपी की जेलों में निरुद्ध बंदी भी लाये अच्छे नंबर

UP बोर्ड रिजल्ट: यूपी की जेलों में निरुद्ध बंदी भी लाये अच्छे नंबर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2023-24 का परीक्षा परिणाम दिनांक 20.04.2024 को घोषित हुआ। उत्तर प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम में उत्तर प्रदेश की कारागारों में निरूद्ध बंदियों ने बंदियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा।

डीजी जेल आईपीएस अफसर सत्य नारायण साबत ने बताया हाई स्कूल परीक्षा में विगत वर्ष 2022-23 में कुल 60 बंदियों के सापेक्ष इस वर्ष 98 बंदी परीक्षा में सम्मिलित हुये, जिसमें 94 बंदी उत्तीर्ण हुये। इसके साथ ही 74 बंदियों ने परीक्षा को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। उल्लेखनीय है कि जिला कारागार बरेली एवं जिला कारागार लखनऊ में निरूद्ध 02 बंदियों ने क्रमशः 89.83% एवं 89.3% अंक प्राप्त किये।

इण्टरमीडिएट परीक्षा में विगत वर्ष 2022-23 कुल 52 बंदियों के सापेक्ष इस वर्ष 111 बंदी परीक्षा में सम्मिलित हुये, जिसमें 90 बंदी उत्तीर्ण हुये। इसके साथ ही 21 बंदियों ने प्रथम श्रेणी एवं 46 बंदियों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। जिला कारागार शाहजहॉपुर एवं जिला कारागार प्रतापगढ़ में निरूद्ध 02 बंदियों ने क्रमशः 75% एवं 72% अंक प्राप्त किये।

उत्तर प्रदेश की कारागारों में निरूद्ध बंदियों ने हाल ही में आयोजित हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन परिणामों के माध्यम से कैदियों ने जीवन में एक नई उम्मीद की किरण जगाई है।

प्रदेश की समस्त कारागारों में बंदियों को शिक्षित किये जाने हेतु शिक्षाध्यापक तैनात हैं उनके द्वारा बंदियों को शिक्षित किया जाता है इसके अतिरिक्त मान्यता प्राप्त स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा बंदियों को शिक्षित किये जाने का कार्य किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें, लखनऊ ने शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के माध्यम से बंदियों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए हैं। कारागारों में निरूद्ध निरक्षर बन्दियों को साक्षर करने हेतु ‘‘एक पढ़ाये एक’’ तथा ‘‘नया सवेरा’’ कार्यक्रम संचालित है। कारागारों में प्रवेश करने वाले सभी निरक्षर बंदियों को साक्षर किया जाता है। बंदियों के लिये संचालित शैक्षिक कार्यक्रमों के अन्तर्गत निरूद्ध इच्छुक बंदियों के लिये प्राथमिक, बेसिक, माध्यमिक तथा उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में पंजीकरण तथा परीक्षा देने हेतु कारागारों में ही परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। कक्षा-5 से 8 तक की परीक्षाआंे हेतु सभी कारागारें, माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट की परीक्षा हेतु 08 कारागारें तथा इन्दिरा गॉधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा संचालित विभिन्न उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों हेतु 09 कारागारें परीक्षा केन्द्र बनायी गयी हैं।

प्रदेश की समस्त कारागारों में बंदियों के साक्षरता एंव शैक्षिक कार्यक्रम के संचालन तथा बंदियों हेतु नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा हेतु पठन-पाठन की सामग्री से युक्त पुस्तकालय स्थापित हैं। पुस्तकालयों में दैनिक समाचार पत्र, पत्रिकायें, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा की पुस्तकें, कहानी एवं कविता संग्रह आदि की व्यवस्था है। जिन बंदियों द्वारा बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में प्रतिभाग किया जाता है उनके लिये पुस्तकों तथा लेखन सामग्री की व्यवस्था भी करायी जाती है।

epmty
epmty
Top