मंत्री स्वतंत्र देव के बचाव में उतरे देवव्रत त्यागी- दिया स्पष्टीकरण

मंत्री स्वतंत्र देव के बचाव में उतरे देवव्रत त्यागी- दिया स्पष्टीकरण

मुजफ्फरनगर। शुक्रताल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कश्यप, सैनी एवं त्यागी समाज की बेटियों पर दिए गए बयान के बवाल के बाद आज भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवव्रत त्यागी ने उनके बयान को लेकर स्पष्टीकरण दिया है।

गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर के शुक्रताल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सिंचाई मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने भाषण में कहा था कि पहले त्यागी, कश्यप, सैनी समाज की बेटियों के साथ बलात्कार के बाद हत्या कर दी जाती थी। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने काफी हल्ला मचाया तो इसके बाद लगातार मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बयान को लेकर बयान बाजी चल रही थी। इसी बीच आज भारतीय जनता पार्टी के मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष देवव्रत त्यागी ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के वक्तव्य को लेकर की जा रही बयानबाजी पर स्पष्ट किया कि है कि भारतीय जनता पार्टी त्यागी, कश्यप, सैनी तथा अन्य समाज की बहू - बेटियों के सुरक्षा सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जारी प्रेस नोट में कहा कि उन्होंने स्वतंत्र देव सिंह से स्वयं फोन पर वार्ता की तो मंत्री द्वारा अवगत कराया गया है कि उनका मंतव्य किसी भी प्रकार से किसी समाज की बहू - बेटी पर टिप्पणी करने का नहीं था जबकि तत्कालीन सपा सरकार में लगातार अपराधिक घटनाओं और सरकार के घिनौने षड्यंत्र को उजागर करना था। साथ ही यह कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में किस प्रकार गुंडों, माफियाओं, असामाजिक तत्वों को ठिकाने लगाकर बहन, बेटियों, महिलाओं के सम्मान को संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है।

इसके साथ ही देवव्रत त्यागी ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार में जब कवाल की एक बेटी की इज्जत पर बता आई और उसके भाइयों ने विरोध किया तो बीच सड़क पर ही उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। तत्कालीन सपा सरकार ने न्याय दिलाने के बजाय उल्टा आरोपियों को ही संरक्षण दिया। देवव्रत त्यागी ने कहा कि उस समय भारतीय जनता पार्टी सीना तानकर बहन बेटियों की इज्जत के लिए अड़ी रही। भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए व जेल गए परंतु पार्टी ने उनका दामन नहीं छोड़ा।

देवव्रत त्यागी ने कहा कि ऐसे और भी अनेक उदाहरण है जिन से साफ हो जाता है कि भाजपा कभी भी, किसी भी प्रकार से बहन बेटियों का अपमान सहन नहीं कर सकती फिर ,भला भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा किसी भी समाज की महिलाओं के प्रति गलत धारणा अपमान का प्रश्न ही नहीं उठता। उनका मंतव्य किसी भी प्रकार से त्यागी समाज या किसी अन्य समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या अपमानित करने का नहीं था। देवव्रत त्यागी ने अपने प्रेस नोट में लिखा कि भाजपा परिवार बहू , बेटियों, माताओं और बहनों के उत्थान, सशक्तिकरण, सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने सर्व समाज से अपील करते हुए कहा कि विशेष रूप से त्यागी, सैनी, कश्यप समाज से आह्वान करता हूं कि वह किसी के बहकावे में ना आएं।

epmty
epmty
Top