रिलायंस रिटेल ने तिमाही में खोले नए 813 स्टोर

रिलायंस रिटेल ने तिमाही में खोले नए 813 स्टोर

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस रिटेल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 813 स्टोर शुरू किये जिससे उसके देशभर में कुल 13,635 स्टोर हो गए हैं, जो 3 करोड़ 73 लाख वर्ग फुट में फैले हुए हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की कल देर शाम जारी तिमाही वित्तीय लेखाजोखा में कहा गया है कि रिलायंस रिटेल की बिक्री में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली, बिक्री के आंकड़ें कोविड पूर्व के आंकड़ों से आगे निकल गए। कंपनी का सकल राजस्व पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले दूसरी तिमाही में 10.5 प्रतिशत बढ़कर 45,426 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और शुद्ध लाभ भी 74.2 फीसदी का इजाफा देखने को मिला। अब यह 1695 करोड़ रपये हो गया है।

स्टोर के साथ रिलायंस रिटेल ने गोदामों और आपूर्ति चेन को भी मजबूत किया है। कंपनी ने 25 लाख वर्गफुट में फैले 86 नए गोदामों और आपूर्ति केंद्रों की स्थापना की है। कंपनी ने बयान में कहा कि जैसे-जैसे कोविड प्रतिबंधों में ढील दी गई और बिजनेस तेजी की आशा बंधी, कंपनी ने स्टोर्स और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर जोर देना शुरू कर दिया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कहा "मुझे आपको ये बताते हुए खुशी हो रही है कि रिलायंस ने वित्त वर्ष 2022 की दूसरी तिमाही में मज़बूत प्रदर्शन किया है। भौतिक स्टोर और डिजिटल ऑफ़र्स, दोनों की वजह हुए तेज़ विस्तार के दम पर रिलायंस रिटेल लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप राजस्व में अच्छी वृद्धि हुई है और मार्जिन बढ़े है।"

सितंबर तिमाही में रिलायंस रिटेल विभिन्न बिजनेस में अपनी उपस्थिती मजबूत करने के लिए कुछ रणनीतिक निवेश भी किए। तिमाही के दौरान रिलायंस रिटेल ने ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म मिल्कबास्केट, भारत के प्रमुख होम स्टाइलिंग सॉल्यूशंस ब्रांड 'पोर्टिको' और लोकल सर्च इंजन प्लेटफॉर्म 'जस्टडायल' का अधिग्रहण पूरा किया।

कंपनी ने अमेरिकी मल्टीनेशनल कंपनी 7-इलेवन इंक के साथ एक मास्टर फ्रैंचाइज़ी समझौता किया है। अब रिलायंस रिटेल पूरे देश में 7-इलेवन स्टोर्स खोलने की दिशा में बढ़ रहा है। हाल ही में कंपनी ने मुंबई में अपना पहला स्टोर लॉन्च कर किया। फैशन और लाइफस्टाइल सेगमेंट में अपनी उपस्थिती मजबूत करते हुए रिलायंस रिटेल ने प्रतिष्ठित डिजाइनर रितु कुमार की कंपनी- रितिका प्राइवेट लिमिटेड में रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।इसके अलावा डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ​​के ब्रांड में भी कंपनी ने निवेश किया है।


वार्ता

epmty
epmty
Top