राजनीति में महिलाओं की भूमिका पर कमलनाथ ने कही बड़ी बात

राजनीति में महिलाओं की भूमिका पर कमलनाथ ने कही बड़ी बात

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बीते दिन कहा कि सोशल मीडिया के इस युग में महिलाएं भी राजनीति में बढ़चढ़कर सक्रिय हैं। कमलनाथ ने यहां प्रदेश महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अर्चना जायसवाल और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थीं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद प्रारंभ हुई इस बैठक में कमलनाथ ने कहा कि पहले महिलाएं राजनीति के प्रति इतनी अधिक जागरुक नहीं थीं, जितनी अब हैं। अब महिलाएं राजनीति में बढ़चढ़कर सक्रिय हैं। इसी के मद्देनजर हमें रणनीति बनानी होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अब लगभग सभी लोग सोशल मीडिया से जुड़े हैं और महिलाओं तक भी लगभग सभी बातें पहुंचती हैं। इसके जरिए हमें समझाना होगा कि किस तरह आज संवैधानिक संस्थाओं और कांग्रेस की संस्कृति पर हमले किए जा रहे हैं। यह प्रवृत्ति भविष्य की पीढ़ियों के लिए खतरा है। कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की है और इस बारे में सबको अवगत कराना होगा। इस अवसर पर कमलनाथ ने महिला कांग्रेस की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से बोर्ड ऑफिस चौराहे तक पहुंची। बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष डॉ जायसवाल ने कहा कि महिला कांग्रेस भाजपा की 'पोल' खोलने के लिए अब सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं संगठन में आगे आकर काम करेंगी, उन्हें सम्मान मिलेगा।

वार्ता



epmty
epmty
Top